उत्तराखंड: आईएसबीटी में गंदगी देख सीएम धामी ने उठाई झाड़ू…बोले – “अगली बार आऊंगा तो व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त दिखनी चाहिए”

खबर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार दोपहर अचानक आईएसबीटी देहरादून पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, यात्रियों की सुविधा, संचालन व्यवस्था और परिवहन प्रबंधन का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर फैली गंदगी देखकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि आईएसबीटी जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई की और अधिकारियों को संदेश दिया कि स्वच्छता अभियान सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  पुतिन-जेलेंस्की की दुश्मनी बनी यूक्रेन शांति वार्ता में सबसे बड़ी अड़चन, ट्रंप बोले- दोनों एक-दूसरे से नफरत करते हैं

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और एमडीडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईएसबीटी परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, हर स्थान पर स्वच्छता से जुड़ी सूचना पट्टिकाएं लगाई जाएं और यात्रियों को प्रदूषण मुक्त व साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि आईएसबीटी की व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर तत्काल लागू की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  Weather: उत्तराखंड में मानसून की एंट्री...कुमाऊं-गढ़वाल में एक साथ दस्तक, पहाड़ों के लिए यलो अलर्ट

सीएम धामी ने टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, दुकानों, बस संचालन और सुरक्षा प्रबंधन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख पर्यटन और तीर्थ राज्य है, इसलिए बस अड्डों और परिवहन केंद्रों पर उच्च स्तरीय सुविधाएं और स्वच्छता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि यात्रियों का फीडबैक ही व्यवस्थाओं को सुधारने का आधार है।

यह भी पढ़ें 👉  खनन तत्परता सूचकांक में उत्तराखंड ‘सी’ श्रेणी में अग्रणी, पारदर्शी नीतियों का मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही जनसहभागिता आधारित व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू करने जा रही है। साथ ही अधिकारियों को चेताया कि अगली बार निरीक्षण में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग और एमडीडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page