नेपाल में 5.4 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, भारत समेत पांच देशों में महसूस हुए झटके

खबर शेयर करें

काठमांडू। नेपाल में मंगलवार सुबह आए 5.4 तीव्रता के भूकंप से कई देशों में धरती कांप उठी। भूकंप के झटके भारत, भूटान और बांग्लादेश के कई इलाकों में महसूस किए गए। चीन से भी झटके महसूस होने की खबरें सामने आई हैं। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 7:02 बजे आया। इसका केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

असम में भी महसूस हुए भूकंप के झटके

यह भी पढ़ें 👉  राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार को पीपीपी मोड पर देने का फैसला, छात्रों की फीस में नहीं होगी बढ़ोतरी

नेपाल के अलावा असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी मंगलवार तड़के भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, इसकी तीव्रता 2.5 दर्ज की गई। भूकंप सुबह 3:39 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर नीचे था। इसका केंद्र 25.743 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.355 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।

भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है नेपाल

नेपाल दुनिया के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में शामिल है। हिमालयी क्षेत्र में भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच लगातार हलचल के कारण यहां भूकंप का खतरा बना रहता है। वर्ष 2015 में नेपाल में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। इस आपदा में नौ हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि दस लाख से ज्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

यह भी पढ़ें 👉  ‘हग-डे’ पर रची खौफनाक साजिश का पर्दाफाश...पत्नी ने प्रेमी संग की पति की हत्या, चार गिरफ्तार

क्यों कांपती है धरती?

धरती की बाहरी परत कई बड़ी और छोटी टेक्टोनिक प्लेटों में बंटी हुई है। ये प्लेटें लगातार बेहद धीमी गति से खिसकती रहती हैं। जब दो प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे के नीचे जाती हैं या रगड़ खाती हैं तो चट्टानों में तनाव पैदा होता है। तनाव बढ़ने पर अचानक ऊर्जा मुक्त होती है, जिससे भूकंपीय तरंगें पैदा होती हैं और धरती की सतह पर कंपन महसूस होता है। जिस स्थान के ठीक ऊपर धरती की सतह पर भूकंप का सबसे अधिक प्रभाव पड़ सकता है, उसे इसका केंद्र (एपिसेंटर) कहा जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 80 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

रिक्टर स्केल से मापी जाती है तीव्रता

भूकंप की तीव्रता मापने के लिए रिक्टर मैग्नीट्यूड स्केल का इस्तेमाल किया जाता है। भूकंप के दौरान धरती के भीतर से निकलने वाली ऊर्जा को मापकर उसकी तीव्रता निर्धारित की जाती है। सामान्य तौर पर कम तीव्रता के भूकंप हल्के झटके पैदा करते हैं, जबकि अधिक तीव्रता वाले भूकंप बड़े क्षेत्र में नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, नुकसान का स्तर भूकंप की गहराई, केंद्र से दूरी और इमारतों की मजबूती पर भी निर्भर करता है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page