बिसलेरी समेत पांच खाद्य कंपनियां FSSAI के निशाने पर, पैक्ड पानी में मिले हानिकारक तत्व, मुकदमा चलाने की मंजूरी

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। देश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड समेत पांच खाद्य कंपनियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इन कंपनियों के उत्पादों की जांच में निर्धारित मानकों से अधिक रासायनिक तत्व, कीटनाशक अवशेष और अन्य गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आई हैं। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते दो अन्य खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।

बिसलेरी के पैक्ड पानी के नमूने में मिले निर्धारित सीमा से अधिक तत्व

FSSAI की कार्रवाई में सबसे चर्चित नाम बिसलेरी इंटरनेशनल का है। कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उत्पाद को असुरक्षित घोषित किया गया।

रेफरल फूड लेबोरेटरी की जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी भी सामने आई। इसके आधार पर नमूने को असुरक्षित करार दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कंपनी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

यह भी पढ़ें 👉  बम की धमकी से विमान में हड़कंप, तेल अवीव से वियना जा रही फ्लाइट सोफिया में उतारी

मिर्च और हल्दी पाउडर में भी मिली गड़बड़ी

बिसलेरी के अलावा वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। कंपनी के मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई।

वहीं, टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के उत्पादों की जांच में भी गंभीर खामियां मिलीं। कंपनी के मिर्च पाउडर में कीटनाशक अवशेष और हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा तय मानकों से अधिक पाई गई।

अखरोट और चॉकलेट कुकीज भी जांच में फेल

मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अखरोट की गिरी के नमूनों को घटिया गुणवत्ता वाला और असुरक्षित घोषित किया गया है। वहीं, आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट से भरी कुकीज जांच में मिसब्रांडेड, घटिया और असुरक्षित पाई गईं।

जांच में उत्पाद के पैकेट पर चीनी की जो मात्रा घोषित की गई थी, वह वास्तविक मात्रा से मेल नहीं खाती थी। इसे लेबलिंग और गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितता माना गया।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: कोरोना की दस्तक...सुशीला तिवारी अस्पताल में 76 वर्षीय महिला संक्रमित, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

खराब स्वच्छता और री-पैकिंग पर दो लाइसेंस निलंबित

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर FSSAI ने उर्मी लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के खिलाफ भी कार्रवाई की है। खराब स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सामग्री की दोबारा पैकिंग से जुड़ी अनियमितताओं के चलते दोनों कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

नियामक ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित उत्पादन, भंडारण और पैकेजिंग से जुड़े नियमों का उल्लंघन गंभीरता से लिया जाएगा।

एनर्जी ड्रिंक के नाम पर भी कंपनियों से FSSAI की टक्कर

खाद्य सुरक्षा नियामक की कार्रवाई केवल खाद्य उत्पादों तक सीमित नहीं है। एनर्जी ड्रिंक के लेबल और वर्गीकरण को लेकर भी FSSAI और बड़ी पेय कंपनियों के बीच कानूनी विवाद चल रहा है।

जून में FSSAI ने कुछ पेय पदार्थों पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ वर्गीकरण के इस्तेमाल को लेकर आपत्ति जताई थी। नियामक का तर्क है कि कुछ पेय पदार्थों में अत्यधिक चीनी होती है और उन्हें एनर्जी ड्रिंक के रूप में प्रचारित करने से उपभोक्ता भ्रमित हो सकते हैं। इससे इनके अत्यधिक सेवन की आशंका भी बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  मेसी का इंडिया टूर हंगामे में बदला: सॉल्ट लेक स्टेडियम में तोड़फोड़, 10 मिनट में लौटे फुटबॉल सुपरस्टार...Video

रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने FSSAI के इस आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। कंपनियों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के इस तरह के प्रतिबंध लगाए गए।

रेड बुल को राहत, FSSAI ने फैसले को दी चुनौती

इस विवाद में रेड बुल को अदालत से राहत मिली है। उसे एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति दी गई है। वहीं, अन्य कंपनियों को मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया गया है।

FSSAI ने रेड बुल को मिली राहत को भी चुनौती दी है। नियामक का कहना है कि इससे कंपनी को प्रतिस्पर्धी कंपनियों के मुकाबले अनुचित व्यावसायिक लाभ मिल रहा है। इस मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होनी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page