जमशेदपुर में योग गुरु ने कथित चमत्कारों और भूत-प्रेत दरबार पर उठाए सवाल, महिलाओं से ऐसे कथावाचकों के बहकावे में न आने की अपील
जमशेदपुर। योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला है। झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने बिना किसी संकोच के धीरेंद्र शास्त्री का नाम लेते हुए उन्हें ‘बावला’, ‘पाखंडी’ और ‘धूर्त’ तक कह दिया। उन्होंने धार्मिक मंचों से किए जाने वाले कथित चमत्कारों, भूत-प्रेत दरबार और सनातन धर्म के नाम पर फैलाए जा रहे आडंबर पर सवाल उठाए। साथ ही महिलाओं से ऐसे कथावाचकों के बहकावे में न आने की अपील की।
‘न वेद पढ़े हैं, न संविधान की समझ, फिर भी करते हैं बड़ी-बड़ी बातें’
बाबा रामदेव रविवार को पूर्वी सिंहभूम की महिला पतंजलि योग समिति की ओर से आयोजित प्रांतीय महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कुछ कथावाचकों की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों ने न वेद, दर्शन और उपनिषद पढ़े हैं और न ही रामायण, महाभारत, कुरान, संविधान और लोकतंत्र की सही समझ रखते हैं। इसके बावजूद वे धार्मिक मंचों से बड़ी-बड़ी बातें करते हैं।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित भूत-प्रेत दरबार पर कटाक्ष करते हुए रामदेव ने कहा कि कुछ लोग सनातन धर्म के नाम पर लोगों को भ्रमित करते हैं और कथित चमत्कारों के जरिए भीड़ को आकर्षित करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था का इस्तेमाल कर लोगों का शोषण किया जा रहा है और इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता है।
राम-कृष्ण की तुलना पर भी जताई नाराजगी
योग गुरु ने धीरेंद्र शास्त्री के भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित पुराने बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की तुलना करना और उनके बारे में हल्की टिप्पणियां करना उचित नहीं है।
रामदेव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक व्यक्तित्वों के प्रति मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी को भी हंसी-मजाक के नाम पर देवी-देवताओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।
‘सनातन के नाम पर पाखंड बर्दाश्त नहीं’
बाबा रामदेव ने सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी करने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि समाज को गलत विचारों और आडंबर से बचाना जरूरी है। वह पहले व्यक्तिगत स्तर पर भी लोगों को समझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन जब बात नहीं बनती तो सार्वजनिक मंच से अपनी बात रखनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के नाम पर ढोंग और पाखंड देखकर उन्हें पीड़ा होती है। धार्मिक आस्था लोगों को सही मार्ग दिखाने का माध्यम होनी चाहिए, न कि उन्हें भ्रमित करने का जरिया।
रामदेव के इस बयान के बाद धार्मिक जगत में दोनों आध्यात्मिक हस्तियों के बीच जुबानी टकराव चर्चा का विषय बन गया है।

