52वें ऑल इंडिया हॉट वेदर फुटबॉल टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक पहुंची DFA, उत्तराखंड की एकमात्र आमंत्रित टीम ने बढ़ाया प्रदेश का मान
देहरादून। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आयोजित 52वें ऑल इंडिया हॉट वेदर फुटबॉल टूर्नामेंट में देहरादून फुटबॉल एकेडमी (DFA) ने शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। 17 से 22 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में DFA ने सेमीफाइनल तक का सफर तय करने के साथ फेयर प्ले ट्रॉफी भी अपने नाम की। प्रतियोगिता में उत्तराखंड से आमंत्रित होने वाली DFA एकमात्र टीम थी।
देशभर की टीमों की भागीदारी वाले इस टूर्नामेंट में DFA के खिलाड़ियों ने शानदार खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। टीम ने अपने पहले लीग मुकाबले में सुदेवा FC के साथ 3-3 गोल से रोमांचक ड्रॉ खेला। वहीं, दूसरे मुकाबले में हरियाणा FC के खिलाफ भी मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों मैचों में बेहतर प्रदर्शन और अंकों के आधार पर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल मुकाबले में DFA का सामना चंडीगढ़ FC से हुआ। कड़े संघर्ष के बावजूद देहरादून की टीम को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर आयोजकों ने DFA को फेयर प्ले ट्रॉफी से सम्मानित किया।
इस उपलब्धि पर एकेडमी के संस्थापक अध्यक्ष एवं हेड कोच डॉ. विरेंद्र सिंह रावत, टीम मैनेजर विमल सिंह रावत, असिस्टेंट कोच नितिन बुटोला और गोलकीपर कोच आशीष नेगी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। फेयर प्ले ट्रॉफी पूरी टीम की मेहनत और खेल भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि एकेडमी भविष्य में भी प्रदेश के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत रहेगी।
प्रतियोगिता में DFA की ओर से कप्तान पीयूष के अलावा ओम चौहान, रोहित, कुनाल, पुरुषोत्तम, इगनीश, अंकुर, आर्यन, रुद्रांश, नदीम, आकाश, अर्जुन, तनिष्क रमोला, गौरव, बलराम, बानू, अंकुर साह, वरुण और हिमांशु ने प्रतिभाग किया।
देहरादून फुटबॉल एकेडमी की इस उपलब्धि से प्रदेश के फुटबॉल प्रेमियों में खुशी है। राष्ट्रीय स्तर पर टीम के प्रदर्शन को उत्तराखंड में फुटबॉल की संभावनाओं और युवा प्रतिभाओं के लिए उत्साहजनक उपलब्धि माना जा रहा है।

