महिलाओं ने किया बारातियों का स्वागत, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधुओं ने लिए सात फेरे, अब तक 450 कन्याओं का विवाह करा चुकी है समिति
हल्द्वानी। सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की अनूठी मिसाल पेश करते हुए पुनर्नवा महिला समिति ने रविवार को हीरानगर स्थित पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच परिसर में 29 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। इस आयोजन में समिति से जुड़ी महिलाओं ने घरातियों की जिम्मेदारी निभाई और बारातियों का स्वागत कर विवाह की सभी रस्में पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराईं। समिति अब तक 450 कन्याओं का विवाह करा चुकी है।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरों के साथ बंधे विवाह बंधन में
समिति की ओर से विवाह समारोह की सभी व्यवस्थाएं की गई थीं। पंडित प्रकाश जोशी और उनके सहयोगी पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराया। सजे हुए मंडप में वर-वधुओं ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।
विवाह की रस्मों के दौरान परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। समिति की महिलाओं ने पूरे मनोयोग से विवाह की जिम्मेदारियां निभाईं और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
गृहस्थी का सामान देकर दी नई जिंदगी की सौगात
विवाह संपन्न होने के बाद समिति की ओर से सभी 29 कन्याओं को वस्त्र और घर-गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया, ताकि उन्हें वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके बाद बैंड-बाजों के साथ नवविवाहित जोड़ों की विदाई की गई। इस दौरान माहौल भावुक हो उठा और परिजनों की आंखें नम हो गईं।
हल्द्वानी समेत कई शहरों से पहुंचे थे दूल्हे
आयोजन में अधिकांश वधू हल्द्वानी की रहने वाली थीं, जबकि वर दमुवाढूंगा, राजेंद्र नगर, बरेली, स्वार, शाहजहांपुर, बिलासपुर, रुद्रपुर, रामपुर, किच्छा, बहेड़ी, देवलचौड़ और हल्दूचौड़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे थे। क्षेत्र के लोगों ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
450 कन्याओं का विवाह कर चुकी है समिति
पुनर्नवा महिला समिति का यह आयोजन समाज में जरूरतमंद परिवारों की मदद और बेटियों के सम्मान के प्रति समर्पण का उदाहरण बना। समिति अब तक 450 निर्धन कन्याओं का विवाह संपन्न करा चुकी है। इस तरह के आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत देने के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देते हैं।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष लता बोरा, मीडिया प्रभारी कल्पना रावत, उपाध्यक्ष यशोदा रावत, सचिव शांति जीना, प्रचार सचिव कल्पना रावत, कोषाध्यक्ष जानकी पोखरिया, उप सचिव मंजु बनकोटी, सदस्य रेखा रावत, अंजना बोरा, निर्मला बहुगुणा, प्रेमा बृजवासी, कमला रौतेला, कुसुम बोरा और जया बिष्ट मौजूद रहीं। वहीं विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला, ललित जोशी और पार्षद शैलेन्द्र दानु सहित अनेक गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।

