गुजरात में भीषण सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, मासूम बच्चियों समेत सात की मौत

खबर शेयर करें

कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार में तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो जवानों की पत्नियां और तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई और तीनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में गढ़वाल राइफल्स के नायक सौरभ सिंह नेगी की पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका की मौत हो गई। वहीं, सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत की बेटी रक्षिता ने भी हादसे में जान गंवा दी। इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं और मासूम बेटी वामिका की भी मौत हो गई। इस हादसे में कुल सात लोगों की जान चली गई।

यह भी पढ़ें 👉  Udham Singh Nagar: किच्छा में 2700 ऑनलाइन फॉर्म-7 आपत्तियों पर बवाल, विधायक बेहड़ ने निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष जांच की मांग की

बेटी के जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं

बताया जा रहा है कि सौरभ सिंह नेगी के परिवार के सदस्य बेटी के जन्मदिन के अवसर पर कोटद्वार से गुजरात गए थे। परिवार के लिए यह सफर खुशियों और यादगार पलों से भरा होना था, लेकिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

टेलर से सीधी भिड़ंत, दो हिस्सों में बंट गई कार

गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी के मुताबिक, तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने गए थे। शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच लौटते समय भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: दमुवाढूंगा में अतिक्रमण को लेकर कमिश्नर के दरबार पहुंचे लोग, एसडीएम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश

सिर में गंभीर चोट और शरीर पर कई जगह लगी थीं चोटें

भुज के जीके जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में मौत की वजह हृदय और श्वसन तंत्र का काम करना बंद होना बताई गई है। जानकारी के अनुसार, मृतकों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें लगी थीं। चोटों के कारण सदमे की स्थिति बनी, जिसके चलते हृदय और श्वसन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया।

लालपुर, सिमलचौड़ और मोटाढाक में पसरा मातम

नायक सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था। नायक राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नायक नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में रहता है। हादसे की खबर पहुंचते ही तीनों क्षेत्रों में मातम छा गया। स्थानीय लोग और परिचित शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  भ्रष्टाचार पर सरकार का कड़ा प्रहार...विजिलेंस के शिकंजे में आए बड़े अधिकारी, 71% मामलों में सजा

ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने बताया कि नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत सेकंड गढ़वाल राइफल्स में सेवारत थे। वर्तमान में उनकी बटालियन गुजरात के भुज में तैनात है। हादसे के दिन नायक नितिन गुसाईं ड्यूटी पर थे और वह सुरक्षित हैं।

सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। शवों को कोटद्वार लाया जा रहा है। देर शाम तक शवों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page