शादी से लौट रही स्कॉर्पियो ट्रक से भिड़ी…चार लोगों की मौत, छह घायल, दूल्हे की चचेरी बहन भी मृतकों में शामिल

खबर शेयर करें

पटना। बिहार के पटना जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर में सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर बारात से लौट रही स्कॉर्पियो की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे सबनीमा गांव के पास जगन्नाथ पेट्रोल पंप के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  महंगाई का बड़ा झटका: मार्च में थोक महंगाई बढ़कर 3.88 फीसदी, तेल और बिजली की कीमतों ने बढ़ाई चिंता

स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (20) के रूप में हुई है। इनमें पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी। वह सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। शादी समारोह में शामिल होकर लौटते समय उसकी जान चली गई।

यह भी पढ़ें 👉  सितंबर में पीएम मोदी का अमेरिका दौरा संभव, UNGA में लेंगे हिस्सा, ट्रंप से हो सकती है मुलाकात

हादसे में जान गंवाने वाले धीरज कुमार के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी मां के मुताबिक धीरज पेशेवर चालक नहीं था और पढ़ाई कर रहा था। उसने हाल ही में करीब 30 हजार रुपये की किताबें मंगाई थीं। शादी समारोह में स्कॉर्पियो चलाने के लिए उसे साथ ले जाया गया था। धीरज परिवार का इकलौता बेटा था और बाढ़ के अकबरपुर गांव का निवासी था।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा...गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौके पर मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसआई अंजनी कुमार के अनुसार, स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हुई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल छह लोगों में से कुछ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है। अन्य घायलों का बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page