उत्तराखंड के चर्चिल राणा की ऑस्ट्रेलिया फुटबॉल एसोसिएशन में एंट्री, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में शुरू करेंगे नई पारी

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के फुटबॉल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। देहरादून निवासी चर्चिल राणा ने ऑस्ट्रेलिया फुटबॉल एसोसिएशन में पंजीकरण कराकर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में नई पारी की शुरुआत की है। भारतीय फुटबॉल में फीफा रेफरी के रूप में अपनी पहचान बना चुके चर्चिल की इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है। उनके गुरु और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल कोच एवं रेफरी डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

चर्चिल राणा का सफर अनुशासन, संघर्ष और समर्पण की मिसाल रहा है। उन्होंने भारतीय सेना में 17 वर्षों तक सेवाएं देकर देश की रक्षा में योगदान दिया। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने फुटबॉल रेफरी के रूप में अपना करियर आगे बढ़ाया। गुरु डॉ. विरेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और आगे चलकर फीफा रेफरी बने।

यह भी पढ़ें 👉  गरमपानी: डोलकोट गधेरे में बाइक समेत बहा वन दरोगा, SDRF की तलाश जारी

करीब 15 वर्षों तक भारतीय फुटबॉल में रेफरी की भूमिका निभाने वाले चर्चिल ने इंटरनेशनल सुब्रतो कप, इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), सैफ चैंपियनशिप और संतोष ट्रॉफी सहित कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में अपनी सेवाएं दीं। उत्तराखंड फुटबॉल में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2019 में डॉ. रावत ने उन्हें बेस्ट उत्तराखंड फुटबॉल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया था।

एक महीने की मेहनत के बाद ऑस्ट्रेलिया में पंजीकरण

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 01 दिसम्बर 2025

डॉ. विरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, चर्चिल ने करीब एक महीने की मेहनत और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया फुटबॉल एसोसिएशन में अपना पंजीकरण कराया है। इस उपलब्धि की जानकारी उन्होंने स्वयं फोन पर अपने गुरु को दी और उनका आशीर्वाद लिया। अब चर्चिल ऑस्ट्रेलिया में रेफरी के रूप में अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अवसर हासिल करने का प्रयास करेंगे। उनका सपना फीफा वर्ल्ड कप और इंग्लिश प्रीमियर लीग जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका निभाना है।

57 वर्ष की उम्र में भी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं डॉ. रावत

चर्चिल की इस सफलता के पीछे उनके गुरु डॉ. विरेंद्र सिंह रावत का लंबा अनुभव और मार्गदर्शन भी अहम रहा है। डॉ. रावत पिछले 28 वर्षों से उत्तराखंड और देश के विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंटों में रेफरी और तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। 57 वर्ष की उम्र में भी उनकी फिटनेस और मैदान पर सक्रियता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: राष्ट्रपति ने उत्तराखंड की राधा भट्ट, ह्यूग गैंट्ज़र और कोलीन गैंट्ज़र को पद्मश्री से नवाजा

चर्चिल राणा ने अपनी सफलता का श्रेय गुरु डॉ. रावत को देते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह जीवनभर अपने गुरु के आभारी रहेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी सेवाओं के माध्यम से गुरु, उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करें।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page