Uttarakhand: एसएसजे छात्रसंघ चुनाव में बड़ा उलटफेर…5 साल बाद ABVP की वापसी, रोहित कुमल्टा बने अध्यक्ष

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में मंगलवार को हुए छात्रसंघ चुनाव के नतीजों ने सियासी समीकरण बदल दिए। अध्यक्ष पद पर ABVP के रोहित कुमल्टा की जीत के साथ संगठन ने पांच साल बाद परिसर में वापसी की। रोहित कुमल्टा ने रोमांचक मुकाबले में NSUI प्रत्याशी अमित बिष्ट को 294 वोटों से हराया।

रोहित कुमल्टा को 1148 वोट, जबकि अमित बिष्ट को 854 मत मिले। अध्यक्ष पद पर आठ मत अवैध घोषित हुए, जबकि 19 मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना। विश्वविद्यालय बनने के बाद यह पहला मौका है जब ABVP ने एसएसजे परिसर में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है।

67.7 फीसदी मतदान, सुबह से लगी रही कतारें

एसएसजे परिसर में कुल 2997 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 2028 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 67.7 रहा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की भीड़ देखने को मिली। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। देर शाम मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  धार्मिक यात्राओं के लिए उत्तराखंड को मिलेगी नई नियामक एजेंसी, तीर्थाटन परिषद का गठन जल्द

एक वोट से हार के बाद हंगामा

उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद करीबी रहा। महज एक वोट से हार के बाद प्रत्याशी के समर्थकों ने रिकाउंटिंग की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  सच्ची मानवता की मिसाल: भीमताल में समाजसेवियों ने अनाथ बहनों को दिया जीवन संवारने का सहारा

रश्मि पांडे ने 400 वोट से दर्ज की जीत

छात्रा उपाध्यक्ष पद पर रश्मि पांडे ने दीपिका बिष्ट को 400 मतों से पराजित किया। रश्मि को 1172, जबकि दीपिका को 772 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर सीता चम्याल ने नेहा आर्या को 218 मतों से हराया। सीता को 1054 और नेहा को 836 वोट प्राप्त हुए। सांस्कृतिक सचिव पद पर हिमाली जोशी ने विकास सिंह को 176 मतों से शिकस्त दी। हिमाली को 1034, जबकि विकास सिंह को 858 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दर्शन जोशी ने मुकेश लटवाल को 250 मतों से हराया। दर्शन को 1096 और मुकेश को 846 वोट प्राप्त हुए।

दो पदों पर निर्विरोध निर्वाचन

कोषाध्यक्ष पद पर निकिता मेहरा और सचिव पद पर भाष्कर गिरी गोस्वामी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं कला संकाय से विशाल चन्याल, दृश्य कला से वीरेंद्र जोशी, वाणिज्य से भारतेंदु भाकुनी, विज्ञान से हर्षिता जोशी और विधि संकाय से अंकिता भट्ट संकाय प्रतिनिधि पद पर निर्विरोध चुने गए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: राशन कार्ड ई-केवाईसी की समय-सीमा खत्म, नैनीताल जिले में अब भी 37 प्रतिशत यूनिटें अप्रमाणित

नतीजे आते ही परिसर में जश्न

चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने परिसर में जमकर जश्न मनाया। देर शाम परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। चुनाव में विभिन्न पदों पर कुल 343 मत NOTA में पड़े, जबकि 193 मत अवैध पाए गए।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page