अध्यक्ष पद पर भानुप्रताप सिंह चौहान की शानदार जीत, अनुष्का पूरी और सृष्टि रावत भी विजयी; 46.85% रहा मतदान
नैनीताल। डीएसबी परिसर छात्रसंघ चुनाव में इस बार बड़ा मुकाबला देखने को मिला। काले झंडे के बैनर तले चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय भानुप्रताप सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद पर ABVP के शुभम कुमार को शिकस्त देकर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में भानुप्रताप को 1355 वोट मिले, जबकि शुभम कुमार 873 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। हिमांशु आर्या को 283 वोट मिले।
परिसर में कुल 5410 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 2535 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 46.85 रहा। अध्यक्ष पद पर 14 मत नोटा और अवैध घोषित हुए।
संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पूरी की बड़ी जीत
संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पूरी ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें 1604 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी गौरी को 619 मत प्राप्त हुए। इस पद पर 202 वोट नोटा में पड़े, जबकि 110 मत अवैध घोषित हुए।
कोषाध्यक्ष पद पर बेहद करीबी मुकाबला
कोषाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सृष्टि रावत ने महज 18 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 1165 वोट मिले, जबकि विदुषी वर्मा को 1147 मत प्राप्त हुए। इस पद पर 127 वोट नोटा और 96 मत अवैध रहे।
इन पदों पर पहले ही हो चुका था निर्विरोध निर्वाचन
छात्रसंघ के अन्य पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, सचिव पद पर कमल कार्की, सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनमय भंडारी निर्विरोध चुने गए।
इसके अलावा कला संकाय प्रतिनिधि अनिल कुमार, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि संध्या कापड़ी, विधि संकाय प्रतिनिधि दिव्यांशी कौशल और प्रबंधन अध्ययन संकाय प्रतिनिधि सानिध्या उप्रेती भी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
जीत के बाद परिसर में जमकर जश्न
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। इसके बाद चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार ने विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और प्रमाण पत्र वितरित किए।
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। परिसर में समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए परिसर में पुलिस बल भी तैनात रहा।
इस दौरान चुनाव अधिकारी मनोज कुमार आर्या, प्रो. ललित तिवारी, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. दीपक कुमार और डॉ. मनोज बिष्ट गुड्डू समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

