Uttarakhand: लोन पास कराने के नाम पर 9 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक समेत चार पर CBI का मुकदमा

खबर शेयर करें

देहरादून। बैंक से करोड़ों रुपये का लोन मंजूर कराने और उसकी रकम जारी करवाने के नाम पर नौ लाख रुपये रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन समेत चार लोगों के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच देहरादून ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये के लोन की मंजूरी और वितरण के बदले कुल लोन राशि का पांच प्रतिशत कमीशन मांगा गया था।

सीबीआई में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, क्लेमेंटटाउन निवासी आशीष बंबा ने 17 नवंबर 2026 को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बैंक शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन के अलावा निजी व्यक्ति नरेंद्र, नीरज और अशरफ पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: लोअर पीसीएस भर्ती में देरी पर फूटा गुस्सा, युवा बोले- चार इंटरव्यू बोर्ड बनाकर अगस्त में पूरा करें चयन

IIFL बैंक से लोन ट्रांसफर कराना चाहते थे शिकायतकर्ता

शिकायतकर्ता आशीष बंबा के अनुसार, उन्होंने पहले आईआईएफएल बैंक से करीब 1.20 करोड़ रुपये का लोन लिया था। ब्याज दर अधिक होने के कारण वह इस लोन को बैंक ऑफ बड़ौदा में ट्रांसफर कराकर टॉपअप लोन लेना चाहते थे। इसी सिलसिले में उन्होंने बैंक की इंदिरा नगर शाखा से संपर्क किया था।

आरोप है कि लोन प्रक्रिया के दौरान आरोपियों ने करीब दो करोड़ रुपये का लोन मंजूर कराने की बात कहते हुए 2.5 प्रतिशत कमीशन की मांग की। बाद में यह मांग बढ़ाकर पांच प्रतिशत कर दी गई, जो करीब नौ लाख रुपये बैठती थी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: 35 साल पहले गुम हुआ पति, अब सरकारी रिकॉर्ड में तलाश रही जिंदगी की आखिरी उम्मीद

पहले दिए 2.50 लाख रुपये, शेष 6.50 लाख की मांग का आरोप

शिकायतकर्ता ने सीबीआई को बताया कि आरोपियों को पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद दिए जा चुके थे। इसके बाद शेष 6.50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रिश्वत की रकम लोन की मंजूरी और वितरण के बदले मांगी गई थी।

गोपनीय सत्यापन के बाद CBI ने दर्ज किया मुकदमा

सीबीआई ने शिकायत मिलने के बाद स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में आरोपों का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच एजेंसी के अनुसार, सत्यापन के दौरान प्रथम दृष्टया रिश्वत मांगने से संबंधित तथ्य सामने आए। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को नियमित मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: गौला नदी में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, एक सप्ताह में झोपड़ियां हटाने का अल्टीमेटम

एफआईआर में बैंक शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और निजी व्यक्तियों नरेंद्र, नीरज व अशरफ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7(ए) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीबीआई ने मामले की जांच इंस्पेक्टर मनोज कुमार नेगी को सौंपी है। फिलहाल जांच एजेंसी आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page