हल्द्वानी महिला अस्पताल का CMO ने किया निरीक्षण, सुरक्षित प्रसव और मातृ मृत्यु दर में कमी लाने पर जोर

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। महिला चिकित्सालय हल्द्वानी में मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और जच्चा-बच्चा को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रश्मि पंत ने महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मातृ एवं नवजात मृत्यु दर में कमी लाने, सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने और गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मातृ मृत्यु निगरानी एवं प्रतिक्रिया प्रणाली (MPCDSR) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मातृ मृत्यु की सूचना निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाए और एक माह के अंदर संबंधित मामले का विस्तृत ऑडिट सुनिश्चित किया जाए, ताकि मृत्यु के कारणों की पहचान कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: 12 भर्ती परीक्षाओं में सॉल्वर की भूमिका निभाने वाला शातिर युवक गिरफ्तार, नौकरी लगवाकर वसूलता था लाखों

लेबर रूम को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाने के निर्देश

डॉ. पंत ने लेबर रूम को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) और LaQshya कार्यक्रम के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण, साफ-सफाई और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्भवती महिला की अस्पताल में भर्ती से लेकर प्रसव और डिस्चार्ज तक की पूरी जानकारी बेड हेड टिकट (BHT) में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  ऊपर की शह, सिफारिशी तैनाती और कमीशन का खेल, कुमाऊं में टैक्स चोरी का ‘प्री-प्लान’ नेटवर्क बेनकाब

हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की होगी नियमित निगरानी

सीएमओ ने आशा हेल्प डेस्क को प्रभावी रूप से संचालित करने के साथ ही हाई रिस्क प्रेगनेंसी (HRP) वाली महिलाओं की पहचान, नियमित निगरानी और समयबद्ध जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप किया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर किया जाए।

इसके साथ ही प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर (HBNC) के तहत नियमित गृह भ्रमण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

HMIS पोर्टल पर शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग के निर्देश

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी निर्धारित संकेतकों की HMIS पोर्टल पर शत-प्रतिशत और समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। सीएमओ ने लेबर रूम, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने और मरीजों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: समाजसेवी हेमंत गौनिया के नेतृत्व में विद्यालय को ₹1.02 लाख से अधिक की सामग्री भेंट, सम्मान समारोह बना चर्चा का विषय

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना, गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करना और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने को कहा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page