चेहरा बुरी तरह कुचला, पहचान छिपाने के लिए शव कूड़े के ढेर में फेंका, दो दिन पुराना बताया जा रहा शव, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कूड़े के ढेर में एक बोरे के भीतर युवती का शव बरामद हुआ। अज्ञात हत्यारे ने युवती की गला रेतकर हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया था। इसके बाद शव को बोरे में बंद कर कूड़े के ढेर में फेंक दिया और ऊपर से कूड़ा डाल दिया। स्थानीय लोगों की नजर बोरे से निकल रहे खून और दुर्गंध पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी शेखर सुयाल और प्रेमनगर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम स्थानीय लोग जामुनवाला में कूड़ा डालने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें कूड़े के नीचे रखे एक बोरे से तेज दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखा तो बोरे से खून निकल रहा था। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खुलवाया तो उसमें युवती का शव मिला। युवती का गला बुरी तरह रेता हुआ था और चेहरा भी इस कदर कुचला गया था कि पहचान करना मुश्किल हो गया है।
मृतका ने सूट-सलवार पहना हुआ था, लेकिन उसके पास से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए शहर के विभिन्न थानों को तस्वीरें भेजी हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं।
कहीं और हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को जामुनवाला में लाकर कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया। हत्यारे तक पहुंचने के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना है। पहचान होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

