विधायक हरीश धामी ने पुलिस कार्रवाई को बताया एकतरफा, सरकार पर दबाव बनाने का लगाया आरोप, 2027 के चुनाव में जनता के जवाब देने की कही बात
पिथौरागढ़। जौलजीबी मेले के दौरान धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़े विवाद में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि डीडीहाट के कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में राम सिंह रौकाया निवासी धारचूला, सौरभ मर्तोलिया, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू और नृप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नृप सिंह, सौरभ मर्तोलिया, विक्रम दानू और राम सिंह रौकाया को गिरफ्तार कर लिया है।
14 नवंबर को मेले में हुआ था विवाद
बताया गया कि 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी और तोड़फोड़ के आरोपों को लेकर विवाद हुआ था। इस घटनाक्रम में धारचूला विधायक हरीश धामी भी केंद्र में रहे। मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया पर है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी पर विधायक धामी ने उठाए सवाल
उधर, चार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद विधायक हरीश धामी ने सरकार और पुलिस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन धाराओं में सुप्रीम कोर्ट के नियमों के अनुसार थाने से जमानत दी जा सकती है, उनमें भी सरकार के दबाव में पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय तक पहुंचा दिया।
विधायक ने पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए कहा कि यह कदम सरकार के दबाव में उठाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र की जनता आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में इस कार्रवाई का जवाब देगी।
फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की तलाश पर सबकी नजरें टिकी हैं।

