Haldwani: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह…14,857 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों के तहत अध्ययन पूरा करने वाले 14,857 विद्यार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं रेलवे बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी लोहनी को उनके प्रशासनिक, प्रबंधकीय और व्यावसायिक योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का हुआ अनावरण

दीक्षांत समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में विश्वविद्यालय आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से उच्च शिक्षा का प्रसार कर रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय में कुल 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Weather Update: उत्तराखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून...चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई इलाकों में भारी बारिश का खतरा

36 मेधावियों को मिला स्वर्ण पदक

इस वर्ष कुल 36 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में बीए में शिवर्णा धौनी, बीकॉम में मोहित गुनसोला, अर्थशास्त्र में सोनिया नेगी, शिक्षा में वंदना ध्यानी, अंग्रेजी में वंशिता अग्रवाल, हिंदी में अंजू कपरी, इतिहास में भूमिका मनराल, एमबीए में प्रियंका शर्मा और एमसीए में ललित कांडपाल सहित विभिन्न विषयों के मेधावी विद्यार्थी शामिल रहे।

कुलाधिपति स्वर्ण पदक बीएलआईएस में जितेन्द्र और एमएलआईएस में प्रेरणा भट्ट को प्रदान किया गया। वहीं, प्रायोजित स्वर्ण पदकों के तहत अपराजिता जोशी, प्रेरणा भट्ट और पवन ममगाईं को सम्मानित किया गया।

आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि

दीक्षांत समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इनमें किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल हैं।

अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से नवाजा

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान करना रहा। लोहनी भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।

विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन में उनके योगदान के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएं हासिल करने के लिए भी उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: उत्तराखंड बोर्ड की सुधार परीक्षा जुलाई में, 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण

राज्यपाल बोले- शिक्षा का उद्देश्य चरित्र निर्माण भी

अपने अध्यक्षीय संबोधन में राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’ का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि अर्जित करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा ने पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, कामकाजी व्यक्तियों, सैनिकों तथा शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक और बदलते दौर की आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर कौशल विकास करने की सलाह दी।

राज्यपाल ने उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों को रोजगार एवं उद्यमिता के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।

उच्च शिक्षा मंत्री ने रोजगार सृजन पर दिया जोर

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, रोजगार, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के साथ हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन में शोध करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार सृजन करने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 19 फरवरी

94 शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा का विस्तार

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र और कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषा सहित कई विशिष्ट पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। NCVET से नियामक प्राधिकरण एवं ड्यूल रिकग्निशन मिलने के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 231 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई तथा एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय के गोद लिए गए आठ गांवों में ‘गांव गौरव’ और ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलें भी शामिल हैं। कुलपति के अनुसार विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन, 135 शोध पत्र और UCOST सहित सात पुरस्कारों के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन, प्राध्यापक सम्मानित

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। साथ ही शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। विशेष अतिथि प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से आजीवन सीखने और व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page