Uttarakhand: खानपुर या लक्सर से चुनाव लड़ सकते हैं हरदा, बोले- पार्टी चाहेगी तो जरूर उतरूंगा मैदान में

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मियों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने हरिद्वार जिले की खानपुर या लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताकर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। उन्होंने साफ किया कि दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुई मुलाकात में उनके चुनाव लड़ने को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व चाहेगा तो वह चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।

दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने कहा कि दोनों राष्ट्रीय नेताओं के साथ मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। इस दौरान उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने और कम से कम 45 सीटें जीतने का रोडमैप भी राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: निशानेबाज जसपाल राणा के निधन के सदमे से नहीं उबर पाईं मां, श्यामा देवी राणा का भी निधन

चुनाव लड़ने के सवाल पर हरदा ने कहा कि उनकी कोई पद पाने की महत्वाकांक्षा नहीं है। चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को करना है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की खानपुर और लक्सर विधानसभा क्षेत्र की जनता चाहती है कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें। इन सीटों अथवा आसपास की किसी सीट से चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा है, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी को ही लेना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर अग्निवीर प्रशिक्षण का रोडमैप तैयार, युवाओं को मिलेगा निःशुल्क मार्गदर्शन

हरीश रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ाने का फैसला नहीं करती है, तब भी वह कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए पूरी ताकत से मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना है और इसके लिए वह पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, हल्द्वानी में निकली भव्य कलश यात्रा

हरदा ने संकेत दिए कि वह जल्द ही राष्ट्रीय नेताओं से दोबारा मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाते हुए जनता के बीच जाना होगा। प्रदेश की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जनता से सीधे जुड़ने की रणनीति पर पार्टी को अभी से काम करना चाहिए।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page