IPL 2027 से पहले MS Dhoni का बड़ा फैसला…खिलाड़ी के रूप में खत्म होगा सफर, अब CSK के मेंटर बनकर संभालेंगे जिम्मेदारी

खबर शेयर करें

चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी ने आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर अपना सफर खत्म करने का फैसला किया है। अब वह मैदान पर बल्ले से कमाल दिखाने के बजाय डगआउट में बैठकर टीम को मार्गदर्शन देते नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें आगामी सीजन से मेंटर की जिम्मेदारी सौंप सकती है।

CSK के लिए नई भूमिका में नजर आएंगे धोनी

महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे बड़ी पहचान रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। धोनी के नेतृत्व में चेन्नई ने कई मुश्किल परिस्थितियों से उबरकर शानदार वापसी की और खुद को आईपीएल की सबसे सफल टीमों में स्थापित किया।

अब खिलाड़ी के रूप में उनका सफर समाप्त होने की खबरों के बीच फ्रेंचाइजी के साथ उनका जुड़ाव बरकरार रहने की बात सामने आई है। मेंटर के तौर पर धोनी का अनुभव टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। खासकर दबाव में बेहतर फैसले लेने और बड़े मुकाबलों की रणनीति तैयार करने में उनका मार्गदर्शन CSK के काम आ सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  National Games: बिना जूतों के जीता ब्रॉन्ज मेडल, सोनिया बनीं संघर्ष और प्रेरणा की मिसाल

गौतम गंभीर की राह पर चलेंगे माही!

धोनी की नई भूमिका की तुलना पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर से भी की जा रही है। गंभीर ने खिलाड़ी के रूप में आईपीएल से विदाई लेने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मेंटर की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके मार्गदर्शन में केकेआर ने आईपीएल 2024 का खिताब जीता था।

अब धोनी भी मेंटर के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स को नई दिशा देने की कोशिश कर सकते हैं। टीम के लिए पिछली सफलताओं को दोहराना और अपनी मजबूत पहचान कायम रखना बड़ी चुनौती होगी।

एन श्रीनिवासन ने बताया धोनी क्यों हैं CSK के लिए खास

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपने करीब दो दशक पुराने रिश्ते को याद किया है। उन्होंने साफ कहा कि धोनी के बिना सीएसके की कल्पना करना मुश्किल है। श्रीनिवासन के मुताबिक, फ्रेंचाइजी और धोनी का रिश्ता सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है।

यह भी पढ़ें 👉  कराची में सिलेंडर धमाके से इमारत ढही, 16 की मौत

उन्होंने कहा, “एमएस धोनी के बिना सीएसके नहीं है। करीब दो दशकों से हम एक-दूसरे के साथ आगे बढ़े हैं। इस दौरान हमने सफलता, मुश्किलें और हर तरह के उतार-चढ़ाव साथ देखे हैं।”

श्रीनिवासन ने आगे कहा कि उनके और धोनी के रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत आपसी भरोसा है। दोनों ने कभी एक-दूसरे की नीयत पर सवाल नहीं उठाया और यही विश्वास इतने लंबे सफर की सबसे बड़ी वजह रहा है।

2008 में धोनी को CSK में शामिल करना साबित हुआ सबसे अच्छा फैसला

एन श्रीनिवासन ने आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 के शुरुआती ऑक्शन को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया था।

यह भी पढ़ें 👉  कबाड़ से खजाना! पुराने सिम कार्ड से युवक ने निकाला असली सोना

श्रीनिवासन ने कहा, “2008 में मैंने जोर दिया था कि धोनी सीएसके का हिस्सा होने चाहिए। यह मेरा लिया हुआ सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ। सिर्फ फ्रेंचाइजी के लिए उनकी उपलब्धियों की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए भी कि वह एक बेहतरीन इंसान हैं।”

धोनी ने अपने खेल, कप्तानी और शानदार नेतृत्व क्षमता से चेन्नई सुपर किंग्स को एक अलग पहचान दिलाई है। ऐसे में अगर वह IPL 2027 से मेंटर की भूमिका संभालते हैं, तो यह फ्रेंचाइजी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि धोनी का अनुभव CSK को एक बार फिर खिताबी सफलता तक पहुंचाने में कितनी मदद करता है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page