कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी से लोग बेहाल, प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। जहरीली होती हवा ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, एम्स इलाके में AQI 358 दर्ज किया गया, जबकि आईटीओ में यह 349 तक पहुंच गया। प्रदूषण के चलते लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी के अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का असर साफ दिखाई दे रहा है। कनॉट प्लेस में AQI 237, जेएलएन स्टेडियम में 243, आनंद विहार और अक्षरधाम मंदिर के आसपास 222-222 दर्ज किया गया। वहीं, सराय काले खां में वायु गुणवत्ता सूचकांक 259 रहा। इन इलाकों में हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है।
सिरी फोर्ट और द्वारका में भी बिगड़े हालात
दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर और अधिक चिंताजनक बना हुआ है। सिरी फोर्ट में AQI 336 और एनएसआईटी द्वारका में 332 दर्ज किया गया। इसके अलावा पूसा में 275, पंजाबी बाग में 268 और दिल्ली सचिवालय में 269 का स्तर रिकॉर्ड किया गया। आनंद पर्वत में AQI करीब 171 रहा।
कुछ इलाकों में मिली आंशिक राहत
हालांकि, राजधानी के कुछ हिस्सों में प्रदूषण से अपेक्षाकृत राहत भी देखने को मिली। धौला कुआं में AQI 153 और इंडिया गेट के आसपास 198 दर्ज किया गया। इन इलाकों में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही।
राजधानी में लगातार बिगड़ती हवा ने एक बार फिर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए प्रदूषित हवा परेशानी बढ़ा सकती है।

