एक सप्ताह में तीसरी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी से मचा हड़कंप, कई बैंकों के ग्राहक परेशान, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और खातों तक पहुंचने में आई दिक्कत
वॉशिंगटन। अमेरिका में तकनीकी गड़बड़ियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी तकनीकी समस्या ने देश की बैंकिंग व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। इस बार बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जेपी मॉर्गन, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और जेला समेत कई प्रमुख बैंकों की ऑनलाइन सेवाओं में बाधा आने से लाखों ग्राहकों की परेशानी बढ़ गई है। ग्राहक अपने बैंक खातों तक पहुंचने और ऑनलाइन लेनदेन करने में दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, बड़ी संख्या में यूजर्स ने बैंकिंग सेवाओं में तकनीकी परेशानी की शिकायत दर्ज कराई है। कई ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल करते समय एरर मैसेज दिखाई दे रहा है। वहीं, कुछ ग्राहकों के लेनदेन सामान्य रूप से पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
साइबर हमले की आशंका, चेज ने किया इनकार
बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने के बाद ग्राहकों के बीच साइबर हमले की आशंका भी जताई जाने लगी। हालांकि, चेज बैंक ने स्पष्ट किया है कि उसकी सेवाओं में आई बाधा तकनीकी खराबी के कारण है और इसका किसी साइबर हमले से संबंध नहीं है।
बैंक के प्रवक्ता ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि तकनीकी समस्या के चलते कुछ लेनदेन सामान्य से अधिक समय ले रहे हैं। बैंक की तकनीकी टीम समस्या को जल्द ठीक करने में जुटी है। इस बीच ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी परेशानी साझा की है।
एक सप्ताह में तीसरी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी
अमेरिका में पिछले एक सप्ताह के दौरान तकनीकी समस्याओं ने कई महत्वपूर्ण सेवाओं को प्रभावित किया है। सबसे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आउटेज सामने आया था। इसके बाद एयरलाइंस के संचार सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते उड़ानों के टेकऑफ पर कुछ समय के लिए रोक लगानी पड़ी थी। अब बैंकिंग सेवाओं में आई बाधा ने नई चिंता पैदा कर दी है।
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने आउटेज के पीछे सिस्टम अपग्रेड के दौरान आई तकनीकी समस्या को जिम्मेदार बताया था। इसका असर अमेरिका और भारत समेत दुनिया के कई देशों में देखने को मिला था। इस दौरान आउटलुक और टीम्स जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।
लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों ने डिजिटल सेवाओं की विश्वसनीयता और उन पर बढ़ती निर्भरता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

