देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। रविवार को बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत प्रदेश की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। वहीं, देहरादून और मसूरी के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होने से मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम में आए इस बदलाव के बीच मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, पर्वतीय जिलों की घाटियों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं। मौसम साफ रहने के बावजूद सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे, रात का पारा अब भी चढ़ा
प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। यही वजह है कि दिन में ठंड का अहसास होने के बावजूद रात और सुबह के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से पहाड़ों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी सर्दी का असर बढ़ेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद अब मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड की दस्तक तेज होने के संकेत हैं।

