नारी शक्ति सम्मान समारोह में 22 महिलाओं का सम्मान, मुख्यमंत्री बोले- मातृशक्ति के बिना उत्तराखंड की प्रगति की कल्पना संभव नहीं
कालाढूंगी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण, सड़क चौड़ीकरण और 200 विद्युत पोलों की स्थापना शामिल है। इसके साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा कर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने का ऐलान किया।
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 22 महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान केवल शब्दों और नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महिलाओं को समान अवसर, निर्णय लेने की स्वतंत्रता और आत्मनिर्भर बनने के पूरे अवसर मिलने चाहिए।
कालाढूंगी को मिलेंगी ये छह विकास योजनाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए निम्न घोषणाएं कीं—
- कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।
- ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।
- कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण होगा।
- गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
- कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
- कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान महिलाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
‘मातृशक्ति के बिना उत्तराखंड की प्रगति की कल्पना नहीं’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की माताएं और बहनें त्याग, परिश्रम और साहस की मिसाल हैं। पहाड़ की महिलाओं का दिन सूर्योदय से पहले शुरू हो जाता है। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ खेती, पशुपालन और अन्य कार्यों में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है। अपनी मां के संघर्षों को याद करते हुए मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में परिवार को संभालने और आगे बढ़ने की प्रेरणा उन्हें अपनी मां से मिली है। मातृशक्ति के इसी योगदान के कारण आज उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
5 लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 5 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। प्रदेश में 8 हजार से अधिक ग्राम संगठन और 600 से अधिक क्लस्टर स्तरीय संघ भी कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को 6 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। वहीं प्रदेश में लगभग 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं सीधे जुड़ी हैं और इस ब्रांड ने अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है।
बेटियों की शिक्षा और महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
उन्होंने सरकारी सेवाओं में राज्य की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता को महिलाओं के समान अधिकारों और कानूनी संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
22 महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में किया सम्मानित
समारोह में खेल, शिक्षा, स्वरोजगार, कृषि, उद्यान, हस्तशिल्प और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी, एशियाई मास्टर तैराकी में उपलब्धि हासिल करने वाली संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह और भार्गवी रावत सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं शामिल रहीं।
इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, ऐपण कला के लिए मंजू रौतेला तथा अन्य विभागों की ओर से चयनित महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य और दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

