राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की भी रहेगी मौजूदगी, 14,857 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियां
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का एकादश दीक्षांत समारोह 18 नवंबर 2026 को आयोजित होगा। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि होंगे। समारोह में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत उद्बोधन देंगे।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी और प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
रेलवे, विमानन और पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
अश्वनी लोहनी ने अपने प्रशासनिक करियर में भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रेलवे, विमानन और पर्यटन क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए विश्वविद्यालय ने उन्हें मानद उपाधि प्रदान करने का निर्णय लिया है।
विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस उपलब्धि के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। इसके अलावा, चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएं अर्जित करने के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी शामिल है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक हैं।
14,857 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां
विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में अध्ययन पूरा करने वाले कुल 14,857 शिक्षार्थियों को इस दीक्षांत समारोह के तहत उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने के लिए अब तक 292 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की विद्या परिषद और कार्य परिषद के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
डिजिटल शिक्षा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों पर जोर
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि एकादश दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर है। यह आयोजन केवल उपाधियां प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम, प्रतिबद्धता और शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के दूरस्थ, ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। बदलते शैक्षणिक और तकनीकी परिवेश को देखते हुए विश्वविद्यालय नवाचार, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता दे रहा है, ताकि शिक्षा को अधिक समावेशी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाया जा सके।
कुलपति ने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और अनुभव से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की अकादमिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ ही मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने के विश्वविद्यालय के संकल्प को भी प्रदर्शित करेगा।

