Uttarakhand: पहाड़ के सच्चे सेवक पद्मश्री डॉ. ललित पांडेय नहीं रहे, 78 वर्ष की उम्र में निधन…जन्मदिन के दिन ही ली अंतिम सांस

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। पहाड़ की मिट्टी से जुड़कर अपना पूरा जीवन समाज के नाम करने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पांडेय का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में 78 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। डॉ. पांडेय उन चुनिंदा लोगों में शामिल थे, जिन्होंने विदेशों में उच्च शिक्षा और बेहतर अवसर हासिल करने के बावजूद पहाड़ लौटकर ग्रामीण समाज की तस्वीर बदलने का संकल्प लिया। संयोग से रविवार को उनका जन्मदिन भी था। उनके निधन से सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र में शोक की लहर है।

विदेशों की चमक छोड़ पहाड़ की राह चुनी

यह भी पढ़ें 👉  उत्तरकाशी: मकान की दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

आईआईटी दिल्ली, एमआईटी और पर्ड्यू विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद डॉ. ललित पांडेय के पास विदेशों में बेहतर करियर बनाने के तमाम अवसर थे, लेकिन उन्होंने अपनी जन्मभूमि और पहाड़ के लोगों के लिए काम करने का रास्ता चुना। वर्ष 1984 में अल्मोड़ा लौटने के बाद उन्होंने अपना जीवन उत्तराखंड के ग्रामीण समाज के विकास के लिए समर्पित कर दिया।

गांवों में शिक्षा से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक की मुहिम

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: जन्मदिन की पार्टी में विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक के सीने में चाकू घोंपा...अस्पताल पहुंचते ही मौत

उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से उन्होंने पहाड़ के दूरस्थ गांवों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की नई अलख जगाई। ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों की स्थापना से लेकर विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने तक उन्होंने कई महत्वपूर्ण पहल कीं।

महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, वनीकरण, कृषि सुधार और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उनके प्रयासों से सैकड़ों गांवों के लोगों को लाभ मिला। उन्होंने स्थानीय समुदायों को विकास की प्रक्रिया से जोड़कर आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पद्मश्री से हुए थे सम्मानित

जमीनी स्तर पर पर्यावरण और सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2007 में उन्हें देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। इसके अलावा आईआईटी दिल्ली ने भी उन्हें विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान प्रदान किया था।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: मानसून से पहले प्रशासन अलर्ट...24x7 कंट्रोल रूम, भूस्खलन क्षेत्रों में मशीनरी तैनाती के निर्देश

डॉ. ललित पांडेय का जीवन इस बात की मिसाल रहा कि उच्च शिक्षा और व्यक्तिगत सफलता का इस्तेमाल समाज के व्यापक हित में भी किया जा सकता है। विदेशों में संभावनाओं का संसार छोड़ पहाड़ के गांवों को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले इस व्यक्तित्व का निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके कार्य, विचार और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page