हल्द्वानी में छात्र नेताओं पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, जांच में नियमों के विपरीत संचालित पाया गया होटल, पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल
हल्द्वानी। हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना के बाद आखिरकार प्रशासन की नींद टूटी है। मामले में कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन, प्राधिकरण और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल-होमस्टे को सील कर दिया है। जांच में होटल के नियमों के विपरीत संचालित होने की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि इसी होटल में हल्द्वानी के कुछ छात्र नेताओं पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले में आरोपी धीरज बिष्ट का नाम भी सामने आया है, जिसने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से हल्द्वानी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव भी लड़ा था।
घटना के बाद खुली पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली की पोल
इस पूरे मामले ने नैनीताल जिले के पर्यटन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस होटल-होमस्टे में इतनी गंभीर घटना हुई, वह कथित तौर पर पर्यटन विभाग के निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहा था। सवाल यह है कि आखिर इतने समय तक नियमों को ताक पर रखकर होटल का संचालन कैसे होता रहा और संबंधित विभागों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी?
होटल के संचालन और गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है।
डीएम के निर्देशों के बावजूद क्यों नहीं हुई पहले कार्रवाई?
इस मामले ने जिला पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि जब जिलाधिकारी की ओर से होटल और होमस्टे की जांच के निर्देश दिए गए थे, तो इसके बावजूद त्रिशूल होटल का संचालन कैसे जारी रहा?
क्या संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने समय रहते जांच की? यदि होटल नियमों के विरुद्ध संचालित हो रहा था तो पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या विभागीय स्तर पर किसी की जवाबदेही तय होगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी?
कार्रवाई के बाद उठ रहे कई बड़े सवाल
इस घटना ने प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया है। सवाल सिर्फ एक होटल को सील करने का नहीं, बल्कि जिले में संचालित अन्य होटल और होमस्टे की जांच का भी है। आखिर अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई? होटल संचालक के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी? संबंधित विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी?

