देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। शनिवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम के इस बदलाव से पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा और लोगों को बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
धूप के बावजूद
शुक्रवार को प्रदेशभर में दिन के समय चटक धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही सर्द हवाओं ने सुबह और शाम के साथ दिन में भी ठंड का अहसास कराया। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का कमोबेश यही मिजाज देखने को मिला।

