Uttarakhand: पड़ोसी से रंजिश में काट ले गया पूरा गेट, 67 वर्षीय बुजुर्ग की करतूत से पुलिस भी हैरान

खबर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में पुरानी रंजिश का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यहां एक 67 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने पड़ोसी से बदला लेने के लिए घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा पूरा लोहे का गेट ही ग्राइंडर मशीन से काटकर चोरी कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर चोरी किया गया गेट भी बरामद कर लिया है।

डालनवाला थाना पुलिस के अनुसार आंबेडकर मार्ग, डीएल रोड निवासी गुलनार बानो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को वह अपने परिवार के साथ किसी कार्य से घर से बाहर गई थीं। अगले दिन जब वे वापस लौटीं तो घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा लोहे का गेट गायब था। गेट के अचानक गायब होने से परिवार के लोग भी हैरान रह गए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: ओल्ड लंदन हाउस में लगी भीषण आग, 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत, मकान जलकर राख... Video

शिकायत में गुलनार बानो ने अपने पड़ोसी तनवीर अहमद खान पर शक जताया था। उनका आरोप था कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही है, जिसके चलते यह घटना हो सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच की जिम्मेदारी नालापानी चौकी प्रभारी को सौंपी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति लोहे का गेट काटकर ले जाता हुआ दिखाई दिया।

यह भी पढ़ें 👉  पेट्रोल-डीजल ने फिर बढ़ाई महंगाई की टेंशन, 10 दिन में तीसरी बार बढ़े दाम

फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध पड़ोसी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मामला खुल गया और आरोपित की निशानदेही पर सहस्रधारा रोड स्थित दुर्गा एन्क्लेव-दो के पास एक खाली प्लॉट से चोरी किया गया करीब छह फीट लंबा और छह फीट चौड़ा लोहे का गेट बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि पड़ोसी से चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते आरोपित ने ग्राइंडर मशीन से गेट काटकर उसे वहां से हटाया और बाद में एक खाली प्लॉट में छिपा दिया। इसके बाद पुलिस ने 67 वर्षीय तनवीर अहमद खान को गिरफ्तार कर लिया।

थाना पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्षेत्र में इस अनोखी चोरी की चर्चा जोरों पर है। लोगों का कहना है कि आमतौर पर चोरी में कीमती सामान, नकदी या वाहन निशाना बनते हैं, लेकिन किसी ने रंजिश के चलते पूरा लोहे का गेट ही काटकर चुरा लिया, यह बेहद हैरान करने वाली घटना है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: वार्ड 58 की सड़क समस्या पर वन मंत्री उनियाल गंभीर, आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देश

यह मामला इस बात का भी उदाहरण बन गया है कि आपसी दुश्मनी और विवाद किस हद तक लोगों को कानून हाथ में लेने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से विवादों का समाधान कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page