Uttarakhand: अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहा परिवार हादसे का शिकार…खाई में गिरी कार, तीन की मौत, तीन घायल

खबर शेयर करें

चमोली। जिले के देवाल क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे बांक गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। गांव में एक परिजन की अंत्येष्टि में शामिल होने आ रहा परिवार रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। लोहाजंग सड़क पर ल्वाणी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चे समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बांक गांव निवासी बुजुर्ग भजन सिंह का उपचार देहरादून में चल रहा था। शुक्रवार शाम उनका निधन हो गया था। इसके बाद परिजन उनका शव एंबुलेंस से गांव लेकर आ रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दो अलग-अलग वाहनों में सवार होकर गांव के लिए रवाना हुए थे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: रेड अलर्ट पर सरकार का एहतियाती कदम, 30 जून को बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र

बताया जा रहा है कि शव लेकर आ रही एंबुलेंस देर रात करीब एक बजे गांव पहुंच गई थी, लेकिन ऋषिकेश क्षेत्र में लगे जाम के कारण पीछे आ रही कार काफी देर से पहुंच रही थी। शनिवार सुबह करीब चार बजे जब कार ल्वाणी के पास पहुंची तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में बलवीर सिंह (50) पुत्र नारायण सिंह, उनकी पत्नी शांति देवी (38) और पुत्र आशीष (19) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल जिले में 14 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

वहीं कविता देवी (28), रोशनी (19) और छह वर्षीय मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस और निजी वाहनों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया।

एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजे गए घायल

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे एयर एंबुलेंस संगम मैदान पहुंची। एम्स ऋषिकेश की मेडिकल टीम ने प्राथमिक जांच और उपचार के बाद तीनों घायलों को एयर एंबुलेंस से ऋषिकेश रवाना किया।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं में ‘सेटिंग’ का खेल...धामी सरकार के दावों को झटका, जमीनी स्तर पर टैक्स चोरी का खेल जारी

उधर, मृतकों के शवों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से मातम पसरा हुआ है। जिस घर में पहले से एक बुजुर्ग की मृत्यु का शोक था, वहां इस हादसे ने दुख को और गहरा कर दिया।

घटना पर तहसीलदार अक्षय पंकज, थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. जीतराम, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page