हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मैरिज हॉल में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को गौला बाईपास रोड पर हिमालयन स्कूल के सामने बनी पुलिया के नीचे से गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।
मामला 20 सितंबर 2026 का है। किदवई नगर निवासी मो. अमान ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि शनि बाजार रोड, रेलवे फाटक के पास स्थित हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर उनमें रखी करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।
शिकायत के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मु0अ0सं0 156/2026, धारा 305(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच अपर उप निरीक्षक पुष्कर आर्या को सौंपी गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए 27 सितंबर को दो संदिग्धों को गोला बायपास रोड, हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ब्लू स्टार कंपनी के तीन इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक (25) पुत्र मौ. मसीत अहमद, निवासी इंद्रानगर, वार्ड नंबर 30, बनभूलपुरा और मौ. मुस्तफा (26) पुत्र मौ. अशफाक, निवासी छोटी रोड, वार्ड नंबर 30, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव, अपर उप निरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

