रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के बीच रविवार शाम पैदल मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चीरबासा के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में यात्री मलबे के कारण रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों ने मोर्चा संभाला और रातभर अभियान चलाकर करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया।
अचानक पहाड़ी से बरसे पत्थर, मासूम की मौके पर मौत
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को चीरबासा के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। पत्थरों की चपेट में आने से एटा, उत्तर प्रदेश निवासी पांच वर्षीय यश पुत्र रोहताश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। बच्चे को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया गया।
मलबा आने से रास्ता हुआ बंद, यात्रियों में बढ़ी चिंता
चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा आने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग पर उस समय बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। रास्ता बंद होने से यात्रियों की आवाजाही रुक गई और उन्हें सुरक्षित निकालना प्रशासन के लिए तत्काल चुनौती बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीमों ने बिना देरी किए यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया।
रातभर चला रेस्क्यू, 1500 यात्रियों को सुरक्षित निकाला
रेस्क्यू टीमों ने जोखिम के बीच यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित मार्ग पार कराया। देर रात तक अभियान जारी रहा। रातभर चले रेस्क्यू अभियान में करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।
रेस्क्यू टीमों ने यात्रियों को मलबे और पत्थरों वाले प्रभावित हिस्से से सावधानीपूर्वक निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्रशासन और बचाव दल पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर सक्रिय रहे।

