Uttarakhand: होटल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, प्रेम प्रसंग की आशंका

खबर शेयर करें

रुड़की। शहर के डबल फाटक क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से शुक्रवार को सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक सेवन की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार युवक और युवती ने गुरुवार शाम होटल में कमरा बुक कराया था। शुक्रवार सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए कमरे तक पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कर्मचारियों ने उन्हें सोया हुआ समझकर वापस लौट गए।

यह भी पढ़ें 👉  राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में नई दरें लागू, 20 रुपए में बनेगा ओपीडी पर्चा, 50 में आईपीडी

दोपहर करीब 12 बजे चेकआउट का समय होने पर दोबारा दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन इस बार भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरी चाबी से कमरा खुलवाया तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। जांच के दौरान कमरे से कुछ साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आईआईटी रुड़की में महिला सुरक्षा पर सख्ती, प्रोफेसर को नौकरी से हटाया गया

मृत युवक की पहचान सागर निवासी नाथुखेड़ी के रूप में हुई है, जबकि युवती लंढौरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पारिवारिक असहमति या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  Venezuela Oil Deal: वेनेजुएला तेल को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा, कहा– जल्द दोबारा शुरू होगा निर्यात

रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।

मामले ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page