ओवरलोड वाहनों को लेकर पुलिस और अध्यक्ष के बीच बढ़ा विवाद, दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
लालकुआं (हल्द्वानी)। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और पुलिस प्रशासन के बीच छिड़ा विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। 11 नवंबर को हुए घटनाक्रम के बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस ने अध्यक्ष के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। एक मामले में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे मुकदमे में पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता और यातायात बाधित करने के आरोप लगाए हैं।
दोनों मुकदमे 12 नवंबर की सुबह दर्ज किए गए। पहला मुकदमा एफआईआर संख्या 0177 के तहत सुबह 5:35 बजे बिलासपुर (रामपुर) निवासी इंदरजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ। शिकायतकर्ता ने खुद को किसान और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक बताते हुए कहा कि वह अपने खेतों से पराल जंगल की ओर ले जाता है। इस पराल का उपयोग गुर्जर समुदाय के पशुपालक अपने मवेशियों के चारे के रूप में करते हैं।
आरोप है कि 11 नवंबर की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष ने जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर उसकी पराल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक दी। इस दौरान उसके साथ अभद्रता की गई और पराल व ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने के एवज में रुपये मांगे गए। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 308(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने भी दर्ज कराया मुकदमा
दूसरी प्राथमिकी एफआईआर संख्या 0178 के तहत सुबह 6:28 बजे पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई। इसमें बीएनएस की धारा 126(2), 221 और 352 लगाई गई हैं। पुलिस की शिकायत के मुताबिक, 11 नवंबर को सुबह करीब 8:10 बजे वार्ड संख्या तीन और चार समेत सार्वजनिक मार्गों पर यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली को आगे जाने से रोकने को लेकर विवाद की सूचना पर कांस्टेबल अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली रोके जाने से आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। पुलिसकर्मियों ने उन्हें यातायात बाधित नहीं करने के लिए समझाया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद हेड कांस्टेबल आनंदवीर, कांस्टेबल दिलीप कुमार और उमेश गिरी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान अध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली के सामने खड़ा करवा दिया। इससे करीब एक घंटा 45 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अध्यक्ष ट्रैक्टर के आगे आकर चालक को धमकाने लगे और कुछ अन्य लोगों ने भी उनका साथ दिया।
कोतवाली में धरने पर बैठ गए थे अध्यक्ष और समर्थक
गौरतलब है कि 11 नवंबर को ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली पुलिस के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद अध्यक्ष अपने समर्थकों और पूर्व सैनिकों के साथ कोतवाली पहुंच गए थे। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए धरना शुरू कर दिया था। मामला बढ़ता देख पुलिस क्षेत्राधिकारी लव शर्मा ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया था। वहीं, अध्यक्ष ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी।
अब दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज होने से लालकुआं का यह विवाद और गहरा गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पहले मुकदमे की जांच उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट को सौंपी गई है, जबकि दूसरे मामले में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा के स्तर से कार्रवाई दर्ज की गई है। दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

