Nainital: पुरानी रंजिश में 56 वर्षीय विमला देवी की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार…सीसीटीवी फुटेज से खुला वारदात का राज

खबर शेयर करें

रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल जिले के रामनगर में 56 वर्षीय महिला विमला देवी की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल ने अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की नीयत से दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। हत्या में प्रयुक्त डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और वाहन भी बरामद किए गए हैं।

घर के बाहर मिला था महिला का शव

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट (56 वर्ष), निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: आकाशीय बिजली गिरने से मचा हड़कंप, 55 वर्षीय ग्रामीण झुलसा

घटनास्थल के निरीक्षण में महिला के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026 के तहत धारा 332(सी), 103(1) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद वे एक वाहन से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंकते नजर आए। तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर तीनों की पहचान की गई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: 17 अक्टूबर को बंद होंगे चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के कपाट, 20 को गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी उत्सव डोली

पिता की हत्या का बदला लेने की थी रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया। वहीं, अन्य दोनों आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास उस समय दबोचा गया, जब वे शहर से फरार होने की फिराक में थे।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार

  1. मोहित फर्त्याल (32 वर्ष) पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर।
  2. सैरान (21 वर्ष) पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, थाना रामनगर।
  3. मो. अब्बूजर (22 वर्ष) पुत्र मो. विलाल, निवासी खताड़ी, थाना रामनगर।
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: 10 साल की सेवा के बाद आईपीएस रचिता जुयाल ने दिया इस्तीफा, कहा-मेरे भी कुछ सपने हैं

हत्या में प्रयुक्त सामान और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।

26 पुलिसकर्मियों की टीम ने किया खुलासा

हत्याकांड के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सोन, उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, पंकज जोशी, वीरेन्द्र बिष्ट, देवेंद्र राजपूत, मनोज सिंह अधिकारी, देवेंद्र राणा, सोमेंद्र सिंह और गणेश जोशी समेत एसओजी एवं कोतवाली रामनगर के कुल 26 पुलिसकर्मी शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को 2,000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page