एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 10 दिन तक चलेगा मेला, तैयारियों को लेकर सीडीओ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; 18 नवंबर तक पूरी होगी बुकिंग प्रक्रिया
हल्द्वानी। हल्द्वानी में एक बार फिर देशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और हुनर की झलक देखने को मिलेगी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 आयोजित किया जाएगा। मेले में करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न विभागों के स्टॉल भी शामिल रहेंगे। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को विकासखंड कार्यालय हल्द्वानी के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। इसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि 18 नवंबर तक स्टॉलों की बुकिंग सहित सभी आवश्यक बुकिंग प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं। सांसदों, विधायकों और अन्य अतिथियों को आमंत्रण पत्र व ई-कार्ड भी समय से भेजे जाएं। साथ ही मेला स्थल का नक्शा तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।
सुरक्षा, पार्किंग और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करेगा। जल संस्थान और विद्युत विभाग को पेयजल व बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, जबकि नगर निगम को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा।
प्रचार-प्रसार के लिए बनेगा मीडिया सेल
मेले को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को दी गई है। सीडीओ ने मीडिया सेल की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए, ताकि आयोजन से जुड़ी जानकारियां आम लोगों तक समय पर पहुंच सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरस मेला जनपद का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन है। इसमें देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी और बड़ी संख्या में आमजन पहुंचेंगे। ऐसे में सुरक्षा से लेकर यातायात, बिजली, पानी और स्वच्छता तक हर व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में अपने दायित्व पूरे करने होंगे।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

