Haldwani: ऑटो में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र उड़ाने वाली शातिर महिला गिरफ्तार, भीड़ का उठाती थी फायदा

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर में ऑटो रिक्शा में सफर कर रही महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी करने वाली शातिर महिला चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला भीड़भाड़ वाले ऑटो में सवारी बनकर बैठती थी और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से मंगलसूत्र काटकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार कुसुमखेड़ा निवासी दीपा खड़ायत ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 9 मार्च को कालाढूंगी टेंपो स्टैंड से अपने घर आरके टेंट रोड जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं। घर पहुंचने पर उनका मंगलसूत्र गायब मिला। उन्होंने बताया कि ऑटो में एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ बैठी थी, जो बार-बार खिसकने को कह रही थी और उनसे सटकर बैठी हुई थी। उसी पर चोरी का शक जताया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 26 मई 2025

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान आरोपी महिला की पहचान मुस्कान पत्नी अमित, निवासी ब्रजधाम कॉलोनी, थाना हाईवे, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बिजली महंगी होने की तैयारी, यूपीसीएल ने 12% बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा

पुलिस ने आरोपी महिला को 27 अप्रैल को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने थाना मुखानी क्षेत्र में भी इसी तरह मंगलसूत्र चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जांच में सामने आया कि मुखानी थाने में भी उसके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला का पति अमित भी चोरी की घटनाओं में उसका सहयोग करता था। उसके खिलाफ आगरा के विभिन्न थानों में डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें 👉  धराली आपदा में 68 लोग लापता, 25 नेपाली मजदूर भी शामिल, प्रशासन ने की पुष्टि

आरोपी महिला के कब्जे से दो मंगलसूत्र बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धाराएं बढ़ाई गई हैं।

पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि सार्वजनिक वाहनों में सफर करते समय गहनों और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें तथा संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि उसके पति और अन्य संभावित साथियों की तलाश जारी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page