Uttarakhand: मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी दो मंजिला आधुनिक पार्किंग, 100 वाहनों को मिलेगी जगह

खबर शेयर करें

पौड़ी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना पर शासन और प्रशासन ने कार्यवाही तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर उसका भू-सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया गया है।

चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान मां धारी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। वाहनों की संख्या बढ़ने से मंदिर क्षेत्र में पार्किंग और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। कई बार सड़क किनारे वाहनों की अनियोजित पार्किंग से भी परेशानी पैदा होती है। ऐसे में प्रस्तावित पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलने के साथ यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: हाईवे पर पलटी तेज रफ्तार कार, चालक को झपकी आने से हादसा, तीन घायल

20 गुणा 70 मीटर क्षेत्र में होगा निर्माण

जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार पार्किंग निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में भूमि चिह्नित की गई है। यह स्थल ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। प्रस्तावित योजना के तहत करीब 20 मीटर गुणा 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें लगभग 100 ईसीएस यानी इक्विवेलेंट कार स्पेस के बराबर वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: वननेस वन अभियान में हरियाली का संकल्प, हल्दूचौड़ नगर वन क्षेत्र में निरंकारी मिशन ने रोपे 1200 पौधे

भूमि हस्तांतरण के लिए एनओसी जरूरी

परियोजना के लिए चिह्नित भूमि वर्तमान में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड कर रही है। भूमि हस्तांतरण के लिए कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित की जाएगी।

वहीं, परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कार्यदायी संस्था नामित करने की प्रक्रिया भी चल रही है। संस्था का चयन होने के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से तकनीकी मानकों के अनुरूप संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाना प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें 👉  “आपका रक्त, बदल सकता है किसी का वक्त”...हल्दूचौड़ में रक्तदान शिविर से पहले निकली जागरूकता रैली

सचिव आवास के निर्देशन में आगे बढ़ रही प्रक्रिया

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जीआईएस के माध्यम से कराए गए भू-सर्वेक्षण में चिह्नित भूमि को निर्धारित शर्तों के अधीन पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।

सरकार का उद्देश्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। मां धारी देवी मंदिर के समीप प्रस्तावित पार्किंग इसी दिशा में महत्वपूर्ण योजना मानी जा रही है। हालांकि, श्रद्धालुओं को इस सुविधा का लाभ मिलने के लिए अभी भूमि हस्तांतरण, कार्यदायी संस्था के चयन और डिजाइन सहित निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page