Uttarakhand: जन्मदिन की पार्टी में विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक के सीने में चाकू घोंपा…अस्पताल पहुंचते ही मौत

खबर शेयर करें

देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में दो लोगों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राजपाल (25) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का निवासी बताया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पंचायत चुनाव: इसी सप्ताह ऑनलाइन होगी मतदाता सूची, बैलेट पेपर भी हुए जारी

जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ विवाद

थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से जमनपुर में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां राजपाल गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने उसे तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से झाझरा स्थित निजी अस्पताल भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी।

शराब के नशे में चाकू से किया वार

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी। हाथापाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि जितेंद्र ने चाकू निकालकर राजपाल के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगने से राजपाल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई...ओखलकांडा के BDO देशराज हटाए गए, रामनगर में ABDO पद पर भेजे गए

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पहले भी हो चुका था दोनों में विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी पीने-खाने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उस घटना के बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस अब इस पुराने विवाद को भी जांच का हिस्सा बनाकर घटना के कारणों और परिस्थितियों को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: बदरीनाथ-केदारनाथ में वीआईपी दर्शन के लिए अब देनी होगी ₹1100 सहयोग राशि

आरोपी की तलाश में दबिश

वारदात के बाद से फरार आरोपी जितेंद्र कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

उधर, पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page