रामनगर (नैनीताल)। पुलिस ने रामनगर में तमंचे की नोक पर हुई लूट की वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब दो महीने से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी साहिल को रामनगर पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने ग्रेटर नोएडा से दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले में अन्य जानकारियां जुटा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार के नेतृत्व में रामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को रामनगर के हाथीडगर क्षेत्र में आरोपी साहिल और उसके साथियों ने स्कूटियों से पीछा कर मालधन चौड़ निवासी सुरजीत सिंह का रास्ता रोका और तमंचे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के संबंध में कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी साहिल लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने उस पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद 29 जून को ग्रेटर नोएडा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल (26 वर्ष) पुत्र बहादुर, निवासी मालधन नंबर-4, रामनगर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उससे पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में उसकी क्या भूमिका रही और फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर छिपा रहा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार और इनामी अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून से बचने की हर कोशिश को विफल किया जाएगा।

