देहरादून। देहरादून के एक निजी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र की आत्महत्या के मामले में कई महीने बाद नया मोड़ सामने आया है। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक युवती और उसके साथी के खिलाफ प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने, धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने समेत गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है।
थाना सेलाकुई पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना मटेरा क्षेत्र के ग्राम ऐलासपुर अगैय्या निवासी पूजा देवी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका 26 वर्षीय पुत्र रविंद्र कुमार देहरादून स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीएनवाईएस (नर्सिंग कोर्स) के अंतिम वर्ष का छात्र था।
प्रेमजाल में फंसाने और ब्लैकमेल का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले के थाना चिनहट क्षेत्र के सराय शेख निवासी रोमा कुमारी ने रविंद्र कुमार को प्रेमजाल में फंसाया और विवाह का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में अश्लील ऑडियो, वीडियो और चैट के माध्यम से उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। शिकायत के अनुसार उससे धन उगाही की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि इस पूरे कथित षड्यंत्र में प्रिंस कुमार और अन्य लोग भी शामिल थे, जिन्होंने विभिन्न तरीकों से रविंद्र पर मानसिक दबाव बनाया।
8 फरवरी को किराये के कमरे में मिला था शव
शिकायत के मुताबिक, लगातार मानसिक तनाव और उत्पीड़न से परेशान होकर रविंद्र कुमार ने 8 फरवरी 2026 को प्रेमनगर स्थित अपने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, डायरी और अन्य सामान कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई थी। बाद में मोबाइल फोन की जांच के दौरान चैट, ऑडियो, वीडियो, कॉल रिकॉर्डिंग और लाइव लोकेशन सहित कई डिजिटल साक्ष्य सामने आने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन साक्ष्यों से कथित ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना की पुष्टि होती है।
आत्महत्या वाले दिन की कॉल पर भी उठे सवाल
शिकायत में एक और गंभीर दावा किया गया है। मृतक की मां के अनुसार, आत्महत्या वाले दिन आरोपी युवती ने रविंद्र के पिता को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि रविंद्र से संपर्क नहीं हो पा रहा है। आरोप है कि उसने किसी व्यक्ति को रविंद्र के कमरे पर भेजकर दरवाजा अंदर से बंद होने की जानकारी भी दी।
शिकायत के अनुसार, युवती ने फोन पर यह भी पूछा कि “क्या दरोगा साहब का फोन आया है?” जब रविंद्र के पिता ने इसका कारण पूछा तो उसने फोन काट दिया। बाद में दोबारा संपर्क करने पर कथित तौर पर उसने कहा कि “अभी पुलिस का फोन आएगा।” इसके कुछ समय बाद थाना सेलाकुई पुलिस ने रविंद्र के पिता को आत्महत्या की सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान मोबाइल डेटा, चैट, कॉल रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। जो भी तथ्य जांच में सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

