पुलिस से धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा, सीमांत क्षेत्र की सियासत गरमाई
जौलजीबी (पिथौरागढ़)। अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के बाद हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धारचूला से कांग्रेस विधायक एवं मेला समिति के अध्यक्ष हरीश सिंह धामी समेत सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद मंच पर तोड़फोड़ की गई, पोडियम गिराया गया और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के बाद मुख्यमंत्री के रवाना होते ही विधायक और उनके समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मंच पर नारेबाजी और तोड़फोड़ की गई। मौके पर स्थिति संभालने पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने इसे सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला मानते हुए कानूनी कार्रवाई की है।
विधायक समेत छह नामजद, अन्य अज्ञात भी आरोपी
पुलिस ने विधायक हरीश सिंह धामी के अलावा राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू को नामजद किया है। इनके साथ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मुकदमे के बाद सीमांत क्षेत्र की सियासत गरमाई
अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के बाद हुए इस घटनाक्रम ने सीमांत क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

