बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर देर रात हुआ हादसा, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, चार घायलों को श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और अंधेरे के बीच रातभर चले अभियान में सभी 10 लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। इनमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (56), दोनों निवासी ग्राम रांसी, को सामान्य चोटें आई हैं। वहीं, लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे में इन चार लोगों की गई जान
दुर्घटना में ग्राम रांसी निवासी कुंवर सिंह (60) और मदन सिंह (40), ग्राम देड़ा निवासी सूरत सिंह (42) तथा दादा गैड़ बस्ती, रांसी निवासी बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। रातभर चले संयुक्त बचाव अभियान के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया।

