Uttarakhand: बड़ा हादसा…100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, छह की मौत

खबर शेयर करें

ऋषिकेश। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में चार यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य के खाई में गिरने की सूचना है। दुर्घटना में 20 यात्रियों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है। इनमें 19 घायलों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। सुबह गूलर बाजार के समीप अचानक बस अनियंत्रित होकर पुल से गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: UKSSSC ने निकाली 90 पदों पर भर्ती...कृषि विभाग में 82 असिस्टेंट एग्रीकल्चर ऑफिसर के पद, आवेदन शुरू

सूचना पर एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। टीमों ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, अब तक चार यात्रियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। दो अन्य लोगों के भी खाई में गिरने की जानकारी मिली है। उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।

रेस्क्यू टीमों ने अब तक 20 यात्रियों को बस से बाहर निकाला है। इनमें से 19 घायलों को एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एम्स में एक शव भी पहुंचा है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में पूर्व मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी की 100वीं जयंती पर मूर्ति का अनावरण, स्मृति पार्क को मिली पहचान

अतिरिक्त टीमें भी रेस्क्यू में जुटीं

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी मौके पर भेजे गए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। दुर्गम खाई और गदेरे में यात्रियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

घायलों में झारखंड, बिहार, दिल्ली और उत्तराखंड के यात्री

एम्स पहुंचे घायलों की उपलब्ध सूची में झारखंड के दुमका निवासी मोहम्मद वहाब अंसारी, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू और राजकुमार शामिल हैं। बिहार के पटना निवासी राहुल कुमार और जहानाबाद निवासी संतोष कुमार, दिल्ली के जतिन, असम के गुवाहाटी निवासी नूर जहां और उनकी तीन वर्षीय बेटी आयरा भी घायल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 34 संस्थानों में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम की 1790 सीटों को मंजूरी

इसके अलावा उत्तराखंड के जसपुर निवासी अभिषेक, खटीमा निवासी प्रत्यूष, रुद्रप्रयाग निवासी पंकज नेगी और चमोली के कर्णप्रयाग निवासी वीरेंद्र सिंह के नाम भी घायलों की सूची में शामिल हैं।

फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। हादसे में मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

(खबर अपडेट की जा रही है)

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page