देहरादून। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने असिस्टेंट एग्रीकल्चर ऑफिसर (AAO) समेत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 90 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू हो चुकी है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 77/2026 के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 24 जून से 26 जून 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी।
इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक 82 पद असिस्टेंट एग्रीकल्चर ऑफिसर ग्रेड-3 के लिए भरे जाएंगे। इसके अलावा दुग्ध विकास विभाग में 7 सीनियर मिल्क इंस्पेक्टर तथा पशुपालन विभाग में 1 फार्मासिस्ट ग्रेड-3 के पद पर भी भर्ती की जाएगी।
असिस्टेंट एग्रीकल्चर ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीएससी एग्रीकल्चर की डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं सीनियर मिल्क इंस्पेक्टर पद के लिए डेयरी टेक्नोलॉजी या संबंधित विषय में डिग्री तथा फार्मासिस्ट पद के लिए फार्मेसी में डिप्लोमा या डिग्री आवश्यक है।
आयोग के अनुसार भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया की बात करें तो अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। परीक्षा की तिथि बाद में आयोग द्वारा घोषित की जाएगी।
वेतनमान भी आकर्षक रखा गया है। सीनियर मिल्क इंस्पेक्टर पद पर चयनित अभ्यर्थियों को 44,900 से 1,42,400 रुपये तक का वेतन मिलेगा, जबकि असिस्टेंट एग्रीकल्चर ऑफिसर और फार्मासिस्ट ग्रेड-3 पदों के लिए 25,500 से 81,100 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलत जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थन निरस्त किया जा सकता है।

