Haldwani: बोर्ड परीक्षा को न बनाएं तनाव का कारण, डीएम रयाल की छात्रों और अभिभावकों से अपील…Video

खबर शेयर करें

नैनीताल/हल्द्वानी। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के समस्त परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से परीक्षा के दौरान संयम, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की अपील की है।

DM Lalit Mohan Rayal Extends Best Wishes to Board Examinees: जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा जीवन की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव अवश्य है, किंतु इसे भय, तनाव अथवा असहनीय दबाव का कारण नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाएँ ज्ञान और अभ्यास की परख होती हैं, न कि किसी छात्र के व्यक्तित्व, प्रतिभा या भविष्य का अंतिम निर्णय।

संतुलित दिनचर्या और स्वस्थ मन:स्थिति पर दिया जोर
डीएम रयाल ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी दिनचर्या को सरल, संतुलित और नियमित रखें। पर्याप्त विश्राम, समयबद्ध अध्ययन और सकारात्मक मन:स्थिति के साथ परीक्षा देने से ही वास्तविक क्षमता का श्रेष्ठ प्रदर्शन संभव हो पाता है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: नर्सिंग अधिकारियों के 196 पदों पर भर्ती, 12 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

उन्होंने कहा कि अत्यधिक अंक प्राप्त करने की चिंता कई बार सहज ज्ञान को भी बाधित कर देती है, जबकि शांत और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास अधिक प्रभावी सिद्ध होता है।

अभिभावकों से भी की विशेष अपील
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का बोझ न डालें। इस समय बच्चों को दबाव या भय नहीं, बल्कि विश्वास, सहारा और स्नेह की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: नैनीताल पुलिस हुई हाईटेक, अब ड्रोन से होगी ट्रैफिक और कानून व्यवस्था की निगरानी

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता अलग होती है और सफलता के मार्ग भी अनेक होते हैं। इस समझ को विकसित करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

अंक नहीं, आत्मविश्वास तय करता है जीवन की दिशा
अपने संदेश के अंत में डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि अंक जीवन का एक पड़ाव निर्धारित कर सकते हैं, किंतु जीवन की दिशा नहीं। संयम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही दीर्घकालीन सफलता की आधारशिला होती है।
उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें 👉  नए साल में उत्तराखंड आना पड़ेगा महंगा, 1 जनवरी से दूसरे राज्यों के वाहनों पर ग्रीन सेस लागू
ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page