Haldwani: KFC के पास स्कूटी की डिग्गी से उड़ाए थे 2 लाख, पुलिस ने दबोचा यूपी का शातिर टप्पेबाज

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मुखानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्कूटी की डिग्गी से दो लाख रुपये चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी और गुंडा एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को दीपक शर्मा निवासी लखनऊ गौलापार, काठगोदाम ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 मई को केएफसी के पास खड़ी उनकी स्कूटी की डिग्गी तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये चोरी कर लिए गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  बारिश में बह गए 3,000 LPG सिलेंडर...HPCL प्लांट में बाढ़ से बड़ा हादसा, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

जांच के दौरान थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जिनकी पहचान और तलाश के लिए पुलिस लगातार काम कर रही थी।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से गिरफ्तारी

सोमवार को पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान सीसीटीवी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अमर सिंह (48) निवासी दुल्हापुर बनकट, थाना धानेपुर, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 20,230 रुपये नकद बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: उर्मिला सनावर पर एक और मुकदमा, महिला ने लगाया फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट कर परेशान करने का आरोप

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी राजेश कुमार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों बैंक के बाहर रेकी करते थे और नकदी लेकर निकलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। घटना वाले दिन भी दोनों ने बैंक से पैसे निकालकर निकले व्यक्ति का पीछा किया और मौका मिलते ही स्कूटी की डिग्गी तोड़कर दो लाख रुपये चोरी कर लिए।

पैसों के बंटवारे में हुआ विवाद

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों साथियों में विवाद हो गया था। राजेश कुमार 1.20 लाख रुपये लेकर फरार हो गया, जबकि अमर सिंह को 80 हजार रुपये मिले थे। उसने अपने हिस्से की अधिकांश रकम पिता के इलाज में खर्च कर दी। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: टेढ़ा गांव की बदहाल सड़कों पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, राहुल सिंह दरम्वाल ने किया पैदल निरीक्षण

हत्या और लूट के मामलों में भी रहा है आरोपी

मुखानी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमर सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, चोरी, मारपीट और गुंडा एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य राज्यों और जिलों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page