नैनीताल। नैनीताल जिले के कटीमी गजार विस्गुली गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। कोसी नदी पर प्रस्तावित 190 मीटर स्पान रिवर क्रॉसिंग रोपवे के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ₹21.43 लाख की अवशेष धनराशि स्वीकृत कर दी है। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को शेष कार्य जल्द और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) न्यास, नैनीताल के माध्यम से कुल ₹85.73 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी। पहले चरण में 75 प्रतिशत राशि यानी ₹64.29 लाख लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड, रामनगर को जारी की गई थी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
अब परियोजना की शेष 25 प्रतिशत धनराशि ₹21.43 लाख भी कार्यदायी संस्था को उपलब्ध करा दी गई है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित मानकों का पालन करते हुए रोपवे का बचा हुआ कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए।
यह रोपवे बनने के बाद कटीमी गजार विस्गुली और आसपास के ग्रामीणों को वर्षभर कोसी नदी पार करने में बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बरसात के मौसम में, जब नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित होता है, तब यह रोपवे ग्रामीणों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन का माध्यम बनेगा।
क्षेत्र के लोगों ने लंबे समय से लंबित इस परियोजना को गति मिलने पर खुशी जताई है और धनराशि स्वीकृत करने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया है।

