देहरादून। उत्तराखंड के लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) इस साल कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे घोषित करेगा। बोर्ड के सचिव विनोद सिमल्टी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं राज्यभर में बनाए गए 1261 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं, जिसमें दो लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
हाईस्कूल (10वीं) की बात करें तो कुल 1,12,679 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 1,10,573 संस्थागत और 2,106 व्यक्तिगत परीक्षार्थी थे। वहीं इंटरमीडिएट (12वीं) में 1,03,442 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 99,345 संस्थागत और 4,097 व्यक्तिगत छात्र रहे।
बोर्ड की ओर से रिजल्ट जारी होने के साथ ही छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर अपने रोल नंबर के जरिए परिणाम देख सकेंगे।
माना जा रहा है कि इस बार भी परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रह सकता है। रिजल्ट को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता चरम पर है।
