हल्द्वानी। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हल्द्वानी के मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 216 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 64.80 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले में नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 16 नवंबर को चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान मंडी क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 392/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बुलंदशहर से खरीदकर लाया था स्मैक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और नशे की इस खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस के एक मामले में पहले जेल जा चुका है। उसके पुराने मुकदमे का विस्तृत ब्योरा जुटाया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम को दो हजार रुपये का इनाम
कार्रवाई में मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, टीपी नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, त्रिलोक रौतेला तथा कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और भानू ओली शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए उसे दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

