Nainital: जनपद में 3.89 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा, आठ विकासखंडों में इमरजेंसी टीमें तैनात

खबर शेयर करें

नैनीताल। बच्चों को कुपोषण, एनीमिया और कृमि संक्रमण से बचाने के लिए नैनीताल जनपद में बुधवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 3,89,860 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी आठ विकासखंडों में इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के अंतर्गत जिले के 2,090 सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा 1,530 आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया है। इसके अलावा तकनीकी शिक्षण संस्थानों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: ज्योलीकोट में जल जनित रोगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट...1,142 घरों का सर्वे, 43 मरीज चिन्हित

दवा के प्रतिकूल प्रभाव से निपटने को तैयार रहेंगी टीमें

अभियान के सुरक्षित संचालन के लिए आठों विकासखंडों में इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को दवा सेवन के बाद किसी बच्चे में प्रतिकूल प्रभाव या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, जनपद स्तर पर गठित मॉनिटरिंग टीमों ने विभिन्न विकासखंडों में विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दवा वितरण और सेवन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

25 नवंबर को छूटे बच्चों को खिलाई जाएगी दवा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर किसी कारणवश जो बच्चे दवा का सेवन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 25 नवंबर 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में PCS के 122 पदों पर भर्ती, आयोग जल्द जारी करेगा विज्ञप्ति

उन्होंने संबंधित अधिकारियों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे दवा से वंचित रह गए बच्चों की पहचान कर निर्धारित तिथि पर उनका दवा सेवन सुनिश्चित कराएं, ताकि जनपद के शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों को अभियान का लाभ मिल सके।

सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मिलेगी निःशुल्क दवा

सीएमओ ने बताया कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावा अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर भी एल्बेंडाजोल की गोली निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। वहां चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार बच्चों को दवा दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा कृमि मुक्ति अभियान के लाभ से वंचित न रहे।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: फर्जी प्रमाणपत्र से दाखिला लेने वाले तीन और एमबीबीएस अभ्यर्थियों के प्रवेश रद्द

बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए जरूरी है कृमि मुक्ति

डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखना उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। पेट में कृमि संक्रमण होने से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, भूख में कमी और शारीरिक विकास प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। एल्बेंडाजोल की निर्धारित खुराक कृमि संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत दवा का सेवन अवश्य कराएं और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें, ताकि जिले में अभियान को सफल बनाया जा सके।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page