देहरादून। फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला लेने वाले तीन और अभ्यर्थियों के प्रवेश निरस्त कर दिए गए हैं। एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से दस्तावेजों के सत्यापन के बाद बुधवार को तीसरी सूची जारी की गई। इनमें दो अभ्यर्थियों ने ओबीसी कोटे का प्रमाणपत्र लगाया था, जबकि एक ने अनाथ प्रमाणपत्र के आधार पर दाखिला लिया था।
इससे पहले 16 अभ्यर्थियों के दाखिले निरस्त किए जा चुके हैं। तीन और मामले सामने आने के बाद फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर रद्द किए गए दाखिलों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। वहीं, एमबीबीएस प्रवेश के लिए तीसरे चरण की काउंसलिंग भी शुरू कर दी गई है।
दो चरणों की काउंसलिंग पूरी होने के बाद कई अभ्यर्थियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए थे। विश्वविद्यालय ने इन प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए संबंधित जिलों के प्रशासन को दस्तावेज भेजे थे। जिला प्रशासन से सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने संबंधित अभ्यर्थियों के दाखिले रद्द किए हैं।
प्रमाणपत्र फर्जीवाड़े की जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि तीसरे चरण की काउंसलिंग में भी अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के लिए जिला प्रशासन को भेजे जा रहे हैं और प्रमाणपत्रों की बारीकी से जांच की जा रही है।
एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक प्रो. डॉ. विजय जुयाल ने कहा कि किसी भी स्तर पर फर्जीवाड़े को स्थान नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन पूरी गंभीरता से कराया जा रहा है।

